सहारनपुर। भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने कहा
कि पहली बार स्नातक चुनाव में भाजपा के प्रयासों से निजी व वित्तविहीन
शिक्षकों को भी मतदान का अधिकार दिया गया है, इसलिए सभी स्नातक मतदाता
सोच समझकर अपने हितों की रक्षा करने वाले भाजपा प्रत्याशी को वोट देकर
जिताने का काम करे।
क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल आज यहां जेवी जैन डिग्री कालेज में
आयोजित मतदाता सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने
कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और पार्टी का प्रत्येक
कार्यकर्ता आगामी एमएलसी स्नातक व शिक्षक चुनाव को जितने के लिए कटिबद्ध
है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व योगी आदित्यनाथ के
नेतृत्व में आज देश व प्रदेश का चहुुुंमुखी विकास हो रहा है। पूरे विश्व
में कोरोना काल में केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा किये जाने कामों की
प्रशंसा की है और आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत एक
राष्ट्र के तौर पर पूरे विश्व का नेता बन गया है।
भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मुकेश चौधरी ने कहा कि पहली बार इस चुनाव
में भाजपा सरकार की पहल पर वित्तविहीन व निजी स्कूल के शिक्षकों को
मताधिकार दिया गया है। प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं को रोजगार देने के लिए
सिंचाई विभाग में 14 हजार भर्ती की गयी है इसके अलावा अन्य 37 विभागों
में भर्ती की गयी है अथवा भर्ती प्रक्रिया चल रही है और इन नियुक्तियों
को पारदर्शिता पूर्ण बनाने के लिए इंटरव्यू की अनिर्वायता को समाप्त किया
गया है और सभी नियुक्तियां पारदर्शी तरीके से ऑन लाइन की जा रही है।
उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था में आमूल चूल परिवर्तन आया है और
अपराधियों के हौंसले पस्त हैं और उनकी अवैध सम्पत्तियों को ध्वस्त किया
जा रहा है। इसके अलावा भाजपा सरकारों द्वारा अनेक ऐसे काम किए जा रहे
हैं, जिनसे एक सशक्त भारत के निर्माण की नींव रखी जा चुकी है। सम्मेलन की
अध्यक्षता करते हुए भाजपा महानगर अध्यक्ष राकेश जैन ने आगामी एमएलसी
चुनाव में शिक्षक व स्नातक दोनों सीटों के भाजपा प्रत्याशियों के रिकार्ड
मतों से जिताने की अपील की।
सम्मेलन को पूव सांसद राघव लखनपाल शर्मा, पूर्व विधायक राजीव गुम्बर,
पूर्व महानगर अध्यक्ष हेंमत अरोडा ने भी सम्बोधित किया। इस दौरान किशोर
शर्मा, सरोज शर्मा, नरेश धनगर, मीडिया प्रभारी गौरव गर्ग, भूपेन्द्र
शर्मा, नंद किशोर शर्मा, बौद्धराम धीमान एडवोकेट, चौ.ऋषिपाल सिंह आदि
भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।
सहारनपुर में भाजपा के मतदाता सम्मेलन को सम्बोधित करते प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य: मुकेश चौधरी
• SKS NEWS भारत की बात